शहर के अलग-अलग बैंकों में मंगलवार से 2 हजार के नोट बदलने शुरू हो गए। सुबह से ही खाताधारक नोट बदलने के लिए साकची, गोलमुरी, बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, बर्मामाइंस, जुगसलाई स्थित बैंकों में गए। इसके लिए कई बैंकों के अलग काउंटर थे।
वहीं कुछ बैंकों में नोट बदलने का काम पहले की तरह ही चलता रहा। बिष्टुपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में ही 10 लाख के नोट बदले गए। बैंकों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक अलग-अलग बैंकों को मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये के नोट बदले गए हैं. बिष्टुपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में 2000 रुपये के नोट बदलने के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की गई थी. कई लोग सुबह भी पहुंचे। दोपहर बाद कुछ लोग काउंटर पर आते रहे। कुल 65 लोगों ने 10 लाख रुपए के नोट बदले। इस दौरान कोई दस्तावेज नहीं लिए जा रहे हैं।