सुभाष मुंडा की हत्या के बाद आज रांची बंद:रिंग रोड, दलादली चौक और रांची-गुमला रोड में उतरे आदिवासी संगठन के लोग, पुलिस को दी है 12 घंटे की मोहलत
माकपा नेता सुभाष मुंडा की हत्या के बाद आज आदिवासी संगठनों ने रांची बंद का आह्वान किया है। रांची के आसपास और रिंग रोड के इलाकों में बंद का असर नजर आ रहा है। आदिवासी संगठन रांची बंद कराने सड़क पर निकले हैं। सुभाष मुंडा के शव को पोस्टमार्टम के बाद दलादली चौक के पास रखा गया है। दोपहर 12 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शव के पास बड़ी संख्या में समर्थक जुटे हैं। सड़क को जाम कर दिया गया है।
कांके चौक के पास किया जाम
कांके सरना समिति और अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के लोगों ने कांके चौक में बांस बल्ली लगाकर सड़क जाम किया। यहां लगभग दो घंटे जाम लगा रहा। 11.30 बजे के करीब पुलिस पहुंची और रांची पतरातू सड़क को खाली कराया।
कई रास्तों को किया जाम
रांची गुमला सड़क को पिस्का नगड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास जाम किया गया है। दूसरी तरफ इस हत्याकांड में प्रशासन की ओर से भी सख्त कदम उठाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीती रात हुई घटना के आधे घंटे बाद भी नगड़ी थानेदार को घटना की जानकारी नहीं थी। एसएसपी किशोर कौशल के अनुसार वारदात को लेकर नगड़ी थानेदार के द्वारा घोर लापरवाही बरती गई है। थानेदार को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल 2018 बैच के रोहित कुमार को नगड़ी थाना का थानेदार बनाया गया है। सड़क पर उतरे आदिवासी संगठनों ने पुलिस प्रशासन को 12 घंटे की मोहलत दी है। 12 घंटे के अंदर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग रखी गयी है। रांची के कई हिस्सों में बंद संमर्थक हैं। पिस्का नगड़ी इलाके में आदिवासी संगठन के लोग सड़क पर हैं।

पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
आदिवासी संगठनों के बंद के ऐलान के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गयी है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी की टीम का गठन भी किया गया है। बंद समर्थक नारो बाजार टांड़ के पास रांची गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर रखा है। दूसरी तरफ कांके ब्लॉक तरफ भी कुछ बंद समर्थक निकल गये हैं. हत्या के विरोध में करीब 11 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर विरोध-प्रदर्शन करने की भी योजना है।
आदिवासी नेता की हत्या के बाद बढ़ा बवाल
बुधवार रात 8:00 बजे अज्ञात अपराधियों ने दलादली चौक स्थित माकपा ऑफिस में नेता सुभाष मुंडा की हत्या कर दी। उन्हें सात गोली लगी। हत्या के बाद अफराधी फरार हो गये। गंभीर रूप से घायल मुंडा को रिंची अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों और मुंडा के समर्थकों ने क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। शराब दुकान में आग लगा दी। आसपास के वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन ने किसी तरह मामला शांत किया। समर्थकों ने बीती रात सिटी एसपी की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। आज कई आदिवासी संगठन रांची बंद करने निकले हैं।
Comments are closed.