महाशिवरात्रि पर पहली बार सुरेश्वर धाम से निकली शिव बारात, मंत्री रामेश्वर उरांव व पद्मश्री मुकुंद नायक महाआरती में हुए सहभागी
रांची: रांची के चुटिया स्थित सुरेश्वर महादेव मंदिर से शनिवार को पहली बार बड़ी धूमधाम से शिव बारात निकाली गई. इस दौरान हजारों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवकों, युवतियों व बच्चों ने भाग लिया। इससे पूर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातः 4.00 बजे से आयोजन समिति द्वारा विशेष पूजन की व्यवस्था की गई। रुद्राभिषेक आदि के बाद 2 घंटे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा, आरती और भोग लगाया गया। इसके बाद शिव मंदिर के कपाट आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए। प्रदेश के कोने-कोने से आए हजारों महिलाओं, युवाओं, पुरुषों और बच्चों ने दिन भर जलाभिषेक किया। भगवान शिव को गंगाजल, नारियल और दूध से स्नान कराया गया। भोलेनाथ को पेड़ा, केला, अबीर, भांग, धतूरा सहित अन्य सामग्री भी चढ़ाई गई। शिवरात्रि के अवसर पर शाम 6 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में वित्त सह खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, पद्म श्री मुकुंद नायक, समाजसेवी आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव व डॉ. राजेश गुप्ता भी शामिल हुए. शाम साढ़े छह बजे सुरेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष सुरेश साहू के नेतृत्व में महाआरती के बाद भगवान शिव की बारात निकाली गई।
शिव बारात से उमंग, उल्लास
सुरेश्वर धाम से निकाली गई शिव बारात में भगवान शिव सजे रथ पर विराजमान थे। बाराती में प्रतीक रूप में भूत, पिशाच, भांगेरी को जीवंत झांकी के साथ निकाला गया, जबकि दूसरे रथ पर कानपुर से भजन मंडली व प्रदेश के बोकारो, धनबाद व जमशेदपुर से भजन मंडली के सदस्य भी शामिल हुए. भजन मंडली और शिव बारात में शामिल भूत-पिशाच रास्ते भर नाचते-गाते निकले। एक रथ पर भगवान गणेश, राधाकृष्ण और कई देवी-देवता भी विराजमान थे। शिव बारात सुरेश्वर महादेव मंदिर से निकलकर चुटिया के प्राचीन राम मंदिर पहुंची। मंदिर में देर रात शिव और पार्वती का विवाह हुआ और भक्तों ने बड़ी धूमधाम से उन्हें विदा किया। संतोष कुमार, आलोक कुमार बंटी, अभिजीत कुमार, संजय कुमार सहित अन्य ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

यह भी पढ़ें: कृषि विपणन विधेयक: व्यापारियों की हड़ताल समाप्त, कृषि मंत्री ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया
हमारे Whatsapp Group को join करे झारखण्ड के लेटेस्ट न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए।
यह पोस्ट RSS Feed से जेनेरेट की गई है इसमें हमारे ओर से इसके हैडिंग के अलावा और कोई भी चंगेस नहीं की गयी है यदि आपको कोई त्रुटि/शिकायत मिलती है तो कृपया हमसे संपर्क करें।
हमारे इस पोस्ट को पढ़ने के लिए धन्यवाद!!!